अयोध्या। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा की प्रथम पाली गुरुवार को जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे।
जिले में आयोजित परीक्षा के लिए कुल 4565 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 2469 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 2096 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जानी है।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया गया। विशेष रूप से महिला अभ्यर्थियों की जांच के दौरान आभूषण पहनकर पहुंची अभ्यर्थियों के आभूषण केंद्र के प्रवेश द्वार पर ही उतरवाए गए। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी गई।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बुधवार को एमएलएमएल इंटर कॉलेज, रिकाबगंज स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा, निगरानी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं विद्यालय प्रशासन से परीक्षा संबंधी तैयारियों की जानकारी प्राप्त की तथा सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, परीक्षा कक्षों सहित अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने निर्देश दिया कि परीक्षा की गोपनीयता एवं शुचिता बनाए रखते हुए इसे सकुशल संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से आयोजित किया जाएगा। साथ ही परीक्षार्थियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार परीक्षा के दौरान जिले के किसी भी परीक्षा केंद्र से नकल, अव्यवस्था अथवा अन्य किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न हुई।