अयोध्या। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की ओर से सिविल लाइन स्थित एक होटल में आयोजित चिकित्सा संगोष्ठी में सर्जरी के बाद मरीजों को होने वाले दर्द के प्रभावी उपचार और नई चिकित्सा पद्धतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ चिकित्सकों ने भाग लेकर आधुनिक उपचार तकनीकों और दवाओं के उपयोग पर अपने विचार साझा किए।
संगोष्ठी की अध्यक्षता महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. विभा कुमारी ने की। जबकि डॉ. केआर वर्मा और डॉ. नानक सरन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
मुख्य वक्ता वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि गाबापेनटीन दवा आर्थोपेडिक चिकित्सा में काफी उपयोगी साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि यह दवा कमर दर्द, सर्वाइकल, हाथ-पैरों में झुनझुनाहट, नसों से जुड़े दर्द और ऑपरेशन के बाद होने वाली पीड़ा को नियंत्रित करने में प्रभावी मानी जाती है।
गोष्ठी में चिकित्सकों ने मरीजों को बेहतर और सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराने के लिए नई तकनीकों और आधुनिक दवाओं के महत्व पर भी चर्चा की। इस दौरान डा. एफबी सिंह, डा. केएस मिश्रा, डा. सीपी तिवारी, डा. अतुल वर्मा, डा. अनिल कुमार, डा. मुकेश गौतम, डा. संजय पांडे तथा आईएमए के पूर्व सचिव डा. प्रवीण मौर्य ने भी अपने अनुभव साझा किए।