अम्बेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में मारपीट के दौरान हुई मौत के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेन्द्र कुमार तथा क्षेत्राधिकारी नगर नितीश कुमार तिवारी के पर्यवेक्षण में कोतवाली अकबरपुर पुलिस टीम ने शनिवार को तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार कोटवा महमदपुर (किरौनीपुर) निवासी पंकज वर्मा ने थाना कोतवाली अकबरपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि झगड़े के दौरान हुई मारपीट में उनके पिता की मौत हो गई। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने मामले में नामजद अभियुक्त अतुल वर्मा , घनश्याम वर्मा तथा अर्पित वर्मा उर्फ सचिन वर्मा निवासी किरौनी थाना कोतवाली अकबरपुर को शनिवार सुबह अस्पताल गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पाण्डेय, निरीक्षक कृष्णबली सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमरनाथ यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।