अयोध्या। ईंधन की खपत कम करने और सार्वजनिक संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत नगर निगम के सभी पार्षद सप्ताह में एक दिन निजी वाहन का इस्तेमाल नहीं करेंगे। सोमवार को सभी पार्षद सार्वजनिक वाहनों से ही नगर निगम पहुंचेंगे। महापौर व नगर आयुक्त ने अपने एस्कॉर्ट वाहन वापस कर दिए हैं।
तिलक हाल में आयोजित पत्रकार वार्ता में महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के ईंधन बचत संबंधी आह्वान को ध्यान में रखते हुए नगर निगम स्तर पर यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि डीजल और पेट्रोल की खपत कम करने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को खुद उदाहरण प्रस्तुत करना होगा।
महापौर ने बताया कि नगर निगम के सभी पार्षद सोमवार को निजी कारों के बजाय सार्वजनिक वाहनों से आवागमन करेंगे। वहीं, नगर आयुक्त जयंत कुमार ने कहा कि विभागों को अनावश्यक रूप से जनरेटर और वाहनों का उपयोग न करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को भी आवश्यकता पड़ने पर एक ही वाहन से समूह में आने-जाने के लिए कहा गया है।
नगर निगम कर्मचारियों को भी सार्वजनिक परिवहन के उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। महापौर ने पार्षदों से अधिक ईंधन खर्च करने वाले वाहनों के स्थान पर इलेक्ट्रिक वाहन अथवा दोपहिया के उपयोग की अपील की।
पत्रकार वार्ता में उपसभापति संतोष सिंह, वरिष्ठ पार्षद अनुज दास, विशाल पाल, अर्जुन यादव सोमू, जगत नारायण यादव, अजय पांडे, अखिलेश पांडे और अमित गुप्त समेत कई पार्षद मौजूद रहे।
बड़ामंगल पर फलों के भंडारे का आह्वान
महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने बड़ा मंगल को होने वाले भंडारे में कम ईंधन खर्च हो, इसके लिए फल, लस्सी, जूस, शर्बत आदि का वितरण करें। पत्तल अथवा कागज का दोना एवं पत्तल इस्तेमाल करें, जो प्लास्टिक कोटेड ना हो। भंडारा स्थलों पर नगर आयुक्त ने जीरो प्लास्टिक का पोस्टर लगवाने का भी निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिया है।