अयोध्या। मंडलायुक्त राजेश कुमार ने ग्रीन गैस की पीएनजी और सीएनजी आपूर्ति परियोजना से जुड़े कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में परियोजना की प्रगति और विभिन्न बाधाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड, रामपथ, सीता रसोई क्षेत्र, सीबीसी प्लांट और पीएनजी नेटवर्क विस्तार से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए यह परियोजना महत्वपूर्ण है और इससे आम लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
ग्रीन गैस कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि कुछ स्थानों पर जल निगम के कार्यों के कारण पाइपलाइन विस्तार प्रभावित हो रहा है। इस पर मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से लोगों को पीएनजी कनेक्शन के प्रति जागरूक करने को भी कहा। बैठक में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, उपनिदेशक पर्यटन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।