अयोध्या। ज्येष्ठ माह के दूसरे बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर अयोध्या के कुचेरा बाजार में किन्नर समाज की मुखिया एवं समाजसेवी पिंकी मिश्रा नायक के नेतृत्व में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन एवं बजरंगबली के चित्र पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
भंडारे में किन्नर समाज के कई प्रमुख सदस्यों ने सहभागिता की। आयोजन में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
पिंकी मिश्रा ने बताया कि कुचेरा बाजार के साथ-साथ अयोध्या धाम स्थित हनुमानगढ़ी के पास भी भंडारे का आयोजन किया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि बजरंगबली की कृपा से अयोध्या की जनता सदैव सुखी और समृद्ध रहे, यही उनकी कामना है। उन्होंने कहा कि उनकी गुरु गुलशन बिंदु जी ने समाज सेवा का जो मार्ग दिखाया है, वह उसी पर चलने का प्रयास कर रही हैं और जीवन भर तन-मन-धन से जनता की सेवा करती रहेंगी।
हनुमानगढ़ी क्षेत्र में आयोजित भंडारे में उनकी चेला लवली किन्नर, पूजा किन्नर, हेमा किन्नर, राखी किन्नर, काजल किन्नर, ललिता किन्नर के साथ नताशा नायक एवं मंजू नायक ने दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं की सेवा की। यहां भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे श्रद्धाभाव के साथ प्रसाद वितरण किया गया।