अयोध्या। नगर निगम क्षेत्र में स्थित फतेहगंज ओवरब्रिज के नीचे खाली पड़ी भूमि को अब आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत 2.6 करोड़ रुपये की लागत से यहां गार्डन, खेल मैदान, ओपन स्पेस और पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी।
योजना के अंतर्गत ओवरब्रिज के दोनों ओर स्थित पिलरों के आसपास के क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। इसके बाद वहां हरियाली, फूलों की क्यारियां, बैठने की व्यवस्था तथा बच्चों और युवाओं के लिए खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परिसर में बास्केटबॉल, बैडमिंटन और अन्य खेल गतिविधियों के लिए भी स्थान तैयार किया जाएगा।
वाहनों की पार्किंग के लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी, जिससे आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुगम होने की उम्मीद है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी।
फतेहगंज ओवरब्रिज के नीचे का क्षेत्र लंबे समय से खाली और अव्यवस्थित पड़ा था। कई स्थानों पर अतिक्रमण और गंदगी की समस्या भी बनी रहती थी। स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत अब इस क्षेत्र को व्यवस्थित कर सार्वजनिक उपयोग के लिए विकसित किए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।