अयोध्या। महर्षि बाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की सीआईएसएफ सुरक्षा यूनिट में मनोस्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन डिप्टी कमांडेंट रविंद्र कुमार के निर्देशन एवं असिस्टेंट कमांडेंट रोहित ढाका के संयोजन में हुआ। इसमें जिला चिकित्सालय के माइंड मेंटर एवं सीआईएसएफ नामित साइको-एजुकेटर डॉ. आलोक मनदर्शन ने जवानों और अधिकारियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और गुणवत्तापूर्ण नींद के महत्व के बारे में जानकारी दी।
डॉ. आलोक मनदर्शन ने बताया कि डोपामिन हार्मोन व्यक्ति में प्रेरणा और उत्साह बढ़ाने में मदद करता है, जबकि सेरोटोनिन मानसिक संतुलन और चुनौतियों से उबरने की क्षमता विकसित करता है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण नींद मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, क्योंकि इससे मस्तिष्क पुनः सक्रिय होकर तनाव को नियंत्रित करने में सक्षम होता है।
उन्होंने बताया कि तनाव, अनिद्रा, चिड़चिड़ापन, गुस्सा, ओवर थिंकिंग, नशे की प्रवृत्ति या लगातार मानसिक दबाव जैसी समस्याओं में समय पर मनोपरामर्श लाभकारी हो सकता है। कार्यशाला में जवानों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई।
सत्र का संचालन इंस्पेक्टर विक्रम सिंह शेखावत ने किया। कार्यक्रम में सीआईएसएफ के जवान और अधिकारी उपस्थित रहे।