Sunday, August 23, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरबारात में गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिवार में मचा...

बारात में गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिवार में मचा कोहराम


जलालपुर, अंबेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर कला गांव निवासी 45 वर्षीय युवक की बारात में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार प्रतापपुर कला गांव निवासी राधेश्याम निषाद के पुत्र की शादी गुरुवार को थी, जिसकी बारात आजमगढ़ जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भील कोला गांव गई थी। इसी बारात में गांव निवासी सागर निषाद पुत्र झगरू निषाद (45 वर्ष) भी शामिल होने गए थे। बताया जाता है कि सागर कुछ दिन पूर्व ही गाजियाबाद से अपने घर आए थे।

परिजनों एवं ग्रामीणों के अनुसार बारात में भोजन करने के कुछ देर बाद सागर को अचानक उल्टी होने लगी। शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य समझकर ध्यान नहीं दिया और वह अचेत अवस्था में वहीं पड़े रहे। काफी देर बाद जब उनकी हालत गंभीर दिखाई दी तो बारात में मौजूद लोग उन्हें आनन-फानन में एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उनके परिवार में दो पुत्र एवं एक पुत्री हैं। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।

सूचना पर पहुंची जैतपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जैतपुर थाना अध्यक्ष थीरेंद्र कुमार आजाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments