जैतपुर अम्बेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र से अंबरपुर तक सड़क किनारे खड़े दर्जनों विशालकाय पेड़ सूखकर जर्जर हो चुके हैं, जो किसी भी समय बड़े हादसे को दावत दे रहे हैं। बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
बताया जाता है कि इस मार्ग से जलालपुर कोतवाली व तहसील से जिला मुख्यालय अकबरपुर तक दिनभर भारी आवागमन रहता है। सुबह से देर रात तक वाहन चालकों की आवाजाही बनी रहती है, ऐसे में सड़क किनारे खड़े सूखे पेड़ खतरे का कारण बने हुए हैं।
क्षेत्रीय लोगों के अनुसार, आए दिन आंधी-पानी और तेज हवाओं के चलते ये सूखे पेड़ टूटकर सड़क किनारे लगे बिजली के तारों व पोल पर गिर रहे हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। कई बार पोल टूटकर गिर चुके हैं, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन सूखे पेड़ों को नहीं कटवाया गया तो कोई भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर सड़क किनारे खड़े जर्जर पेड़ों को हटवाने की मांग की है, ताकि संभावित हादसों से बचाव हो सके।