अयोध्या। जौनपुर के मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने अयोध्या में आयोजित पीडीए महाजन पंचायत कार्यक्रम में शिरकत करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। कार्यक्रम सपा जिला उपाध्यक्ष औरौनी प्रसाद पासवान और पार्षद ज्ञासमती के संयोजन में माता दासी जी की आठवीं पुण्यतिथि एवं माता-पिता की मूर्ति अनावरण के अवसर पर आयोजित किया गया था।
अपने संबोधन में डॉ. रागिनी सोनकर ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि महिला सम्मान की बात करने वाली भाजपा, काउंटिंग रूम में ममता बनर्जी के साथ हुई अभद्रता पर मौन रही। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हार-जीत स्वाभाविक है, लेकिन महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर चुप्पी चिंताजनक है और इसका जवाब महिलाएं अवश्य देंगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद कार्यकर्ताओं द्वारा टीएमसी कार्यालयों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो नकारात्मक राजनीति को दर्शाती हैं। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि 2024 की तरह जनता खुद चुनाव लड़ेगी और प्रदेश में बदलाव तय है, जिससे पीडीए की सपा सरकार बनेगी।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने भाजपा को घेरते हुए कहा कि भाजपा काम में शून्य और बातों में आगे है। उन्होंने प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ घटनाओं पर सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय पवन, जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव, प्रदेश सचिव छोटे लाल यादव, हाजी फिरोज खान गब्बर, महिला जिलाध्यक्ष सरोज यादव, महानगर अध्यक्ष अपर्णा जायसवाल, बाबूराम गौड़, बृजेश सिंह चौहान, सीताराम यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।