जलालपुर, अंबेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बच गए, जबकि एक महिला शिक्षिका को मामूली चोटें आई हैं।
यह घटना गौसपुर ककरहिया गांव के भीखपुर मोड़ के पास हुई। जानकारी के अनुसार अशरफपुर मजगवा स्थित एक निजी विद्यालय की बस बच्चों को घर से लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान नरेंद्र इंटर कॉलेज की अध्यापिका ज्योत्सना द्विवेदी स्कूटी से सड़क पार कर रही थीं। तभी सामने से आ रही एक पल्सर बाइक को बचाने के प्रयास में बस चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
बस पलटते ही उसमें बैठे बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और विद्यालय प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।
घटना की सूचना पर उपजिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता, क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह तथा कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप सिंह यादव भी मौके पर पहुंचे। सभी बच्चों के सुरक्षित होने पर प्रशासन और अभिभावकों ने राहत की सांस ली।
हादसे में स्कूटी सवार शिक्षिका ज्योत्सना द्विवेदी को हल्की चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया। कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।