जलालपुर,अंबेडकर नगर । संपूर्ण समाधान दिवस में मिली शिकायत के निस्तारण के दौरान चकमार्ग की पैमाइश करने पहुंची लेखपाल के साथ दो युवकों द्वारा अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते संपूर्ण समाधान दिवस में उसरहा निवासी संतोष ने चकमार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के निस्तारण के क्रम में सोमवार को क्षेत्रीय लेखपाल गुलनाज बानो राजस्व टीम के साथ उसरहा गांव पहुंचीं और पैमाइश कार्य शुरू किया।
इसी दौरान गांव के ही निवासी शुभम और लवकुश मौके पर पहुंच गए और लेखपाल के साथ गाली-गलौज करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने लगे। घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लेखपाल गुलनाज बानो ने मामले की लिखित शिकायत मंगलवार को जलालपुर थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
इस संबंध में कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।