अम्बेडकर नगर। शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए एनटीपीसी टांडा द्वारा ग्राम हकीमपुर में नवनिर्मित प्राथमिक विद्यालय भवन का रविवार को लोकार्पण किया गया। 1.66 करोड़ की लागत से बने इस भवन से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलेगा।
लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने फीता काटकर भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान एनटीपीसी टांडा के कार्यकारी निदेशक जयदेव परिदा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने भवन का निरीक्षण कर इसकी गुणवत्ता की सराहना की और इसे क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में एसडीएम टांडा डॉ. शशि शेखर, बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार पटेल, सीएमओ एनटीपीसी टांडा डॉ. मनीषा पांडेय, एजीएम (मेंटेनेंस) पी.के. गोयल तथा एजीएम (एचआर) रजनीश कुमार खेतान समेत जनपद प्रशासन और एनटीपीसी के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की बेहतर व्यवस्था से ही समग्र विकास संभव है। एनटीपीसी टांडा द्वारा विद्यालय भवन का निर्माण सामाजिक दायित्व के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
अधिकारियों के अनुसार, नए भवन के शुरू होने से हकीमपुर व आसपास के गांवों के छात्रों को आधुनिक सुविधाओं के साथ पढ़ाई का अवसर मिलेगा। एनटीपीसी टांडा शिक्षा, स्वास्थ्य व सामाजिक विकास के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है, जिससे क्षेत्रीय विकास को गति मिल रही है।