अयोध्या। विश्व होम्योपैथी दिवस के अवसर पर राजकीय डॉ. बृज किशोर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की ओर से गुरुवार को जागरूकता रैली एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को होम्योपैथी पद्धति के प्रति जागरूक करना और समाज में सेवा भावना को बढ़ावा देना रहा।
कॉलेज परिसर से निकली जागरूकता रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी। इसमें छात्र-छात्राओं, इंटर्न्स, शिक्षकों और चिकित्सा अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने “होम्योपैथी अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को इस सुरक्षित और प्रभावी चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक किया।
इसी क्रम में आयोजित रक्तदान शिविर में भी उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता का संकल्प लिया। शिविर का उद्देश्य रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान महादान है, जो किसी की जान बचा सकता है। इस दौरान प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन होम्योपैथी के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ समाज में मानवता और सेवा की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करते रहने की बात कही।