जैतपुर, अम्बेडकर नगर। विकास खंड भियांव के ग्राम पंचायत भीखपुर में ठंड का मौसम समाप्त होने के बाद कंबल वितरण किए जाने का मामला ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। बीते बुधवार, को ग्राम प्रधान दीपकमल्ल जायसवाल द्वारा जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल वितरित किए गए। हालांकि कंबल वितरण को लेकर लोगों में उत्सुकता के साथ-साथ सवाल भी उठ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि शीतलहर के दौरान गरीब और जरूरतमंद लोगों को राहत देने के उद्देश्य से सरकार द्वारा कंबल वितरण की व्यवस्था की जाती है, ताकि ठंड के समय उन्हें सुरक्षा मिल सके। लेकिन जब ठंड का मौसम लगभग समाप्त हो चुका है और गर्मी की शुरुआत हो रही है, ऐसे समय में कंबल वितरण होने से लोग इसे लेकर चर्चा कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि कंबल का वितरण शीतलहर के दौरान किया जाता तो जरूरतमंद लोगों को इसका वास्तविक लाभ मिल पाता। इस संबंध में गांव के लोगों ने कहा कि समय पर योजनाओं का लाभ मिलना ही उनके लिए अधिक उपयोगी होता है।
कंबल वितरण के दौरान देवराजी, सुमन, सुनीता, रेनू, सुदामा, सुभागी, इसरावती, किरणमाला, बद्री प्रसाद, रामचेत, महेश, रामसेन सहित दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों को कंबल प्रदान किए गए।