अयोध्या। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फूंडे के निर्देश पर सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों एवं निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्ट्रीट लाइट योजना, पीएम सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), सड़क निर्माण, पेंशन योजना, फैमिली आईडी, ऑपरेशन कायाकल्प, पशु टीकाकरण, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, टेली रेडियोलॉजी तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित विभिन्न योजनाओं की स्थिति पर चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि पेंशन से संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित न रहे तथा फैमिली आईडी में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इनमें आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में स्पोर्ट्स स्टेडियम निर्माण, क्रीड़ा संकुल में छात्रावास निर्माण, सरयू नदी के किनारे रैंप व जेटी निर्माण, धार्मिक पर्यटन स्थलों पर निर्माण कार्य, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, वृहद गौ संरक्षण केंद्र, सीसी रोड व इंटरलॉकिंग निर्माण, डिजिटल एलईडी, संपर्क मार्ग, जालपा नाले का विकास, सामुदायिक पार्कों का सौंदर्यीकरण तथा मंडी स्थल पर पार्किंग निर्माण जैसी परियोजनाएं शामिल रहीं।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराए जाएं और उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। जिन परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें शीघ्र हैंडओवर कराने की प्रक्रिया पूरी की जाए, जिससे जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर अंकित सभी परियोजनाओं की प्रगति नियमित रूप से अपडेट की जाए तथा जिन योजनाओं की प्रगति धीमी है, उनमें तेजी लाई जाए। बैठक में पीडी, सीएमओ सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।