Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर औघड़ बाबा स्थान पर मधुमक्खियों का हमला, दर्शन करने आए अधेड़ की...

औघड़ बाबा स्थान पर मधुमक्खियों का हमला, दर्शन करने आए अधेड़ की मौत, दो श्रद्धालु घायल

0
2

जलालपुर, अम्बेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र के जीवत नर्सरी बाजार स्थित प्रसिद्ध औघड़ बाबा स्थान पर मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने दर्शन करने आए श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया। हमले में एक अधेड़ व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद मंदिर परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार जैतपुर थाना क्षेत्र के कुठमा राजापुर गांव निवासी 55 वर्षीय संतराम अपनी पत्नी यशोदा के साथ औघड़ बाबा स्थान पर दर्शन करने पहुंचे थे। हर मंगलवार को यहां मेला लगता है, जिसके चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। बताया जाता है कि मंदिर परिसर में मधुमक्खियों का एक बड़ा छत्ता लगा हुआ था।

मंगलवार सुबह अचानक मधुमक्खियों का झुंड निकल आया और संतराम पर हमला कर दिया। इस दौरान वहां मौजूद बसंत लाल निवासी जीवत, कोतवाली जलालपुर तथा रामविलास निवासी गोलपुर भी मधुमक्खियों के हमले से घायल हो गए। अचानक हुए हमले से मंदिर परिसर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

घटना की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल संतराम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया।

बताया जाता है कि मृतक संतराम का एक बेटा पानीपत में रहता है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बसखारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here