जलालपुर, अम्बेडकर नगर । कोतवाली क्षेत्र के छाछू मोहल्ले में शुक्रवार की अपराह्न उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक स्वर्ण व्यवसायी के हाथ से सोने की चेन गिरने की घटना से पूरे बाजार में हड़कंप मच गया।
बताया जाता है कि छाछू मोहल्ला निवासी स्वर्ण व्यवसायी सुरेंद्र सोनी अपनी दुकान से एक ग्राहक की सोने की चेन साफ कराने के लिए सड़क पार कर दूसरी दुकान पर जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात साइकिल सवार उनसे टकरा गया। टक्कर लगने से उनके हाथ में पकड़ी चेन साइकिल में फंसकर टूट गई और नीचे गिर गई।
व्यवसायी को आशंका हुई कि साइकिल सवार चेन लेकर भाग गया है। उन्होंने उसे आवाज देकर रोकने की कोशिश की, लेकिन साइकिल सवार तेजी से निकल गया। घटना की जानकारी मिलते ही बाजार में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
बाद में आसपास तलाश करने पर सड़क किनारे ही सोने की चेन गिरा हुआ मिल गया। चेन मिल जाने पर स्वर्ण व्यवसायी और पुलिस ने राहत की सांस ली।
स्वर्ण व्यवसायी सुरेंद्र सोनी ने बताया कि चेन किसी ने छीनी नहीं थी, बल्कि टक्कर के दौरान गिर गई थी और बाद में मिल गई। घटना से कुछ समय के लिए पूरे बाजार में सनसनी का माहौल बना रहा।