अम्बेडकर नगर। जनपद के भीटी विकासखंड की ग्राम पंचायत जैतपुर खास स्थित गौशाला प्रकरण में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सख्त कदम उठाते हुए ग्राम प्रधान की प्रशासनिक व वित्तीय शक्तियों पर रोक लगा दी है। साथ ही मामले की अंतिम जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
गौरतलब है कि बीते 29 जनवरी को सोशल मीडिया पर गौशाला में संरक्षित गोवंश के साथ अमानवीय व्यवहार तथा गोवंश की मौत से संबंधित समाचार प्रसारित हुआ था। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने इसकी जांच जिला विकास अधिकारी और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से संयुक्त रूप से कराई थी।
जांच आख्या में गौशाला में मृत गोवंश के उचित निस्तारण में लापरवाही और शासन के निर्देशों के पालन में कमी सामने आई। इसके बाद ग्राम प्रधान से स्पष्टीकरण मांगा गया।
प्रस्तुत स्पष्टीकरण के परीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम के तहत मामले की अंतिम जांच कराए जाने के निर्देश दिए हैं। अंतिम जांच पूरी होने तक ग्राम प्रधान की प्रशासनिक और वित्तीय शक्तियों पर रोक लगा दी गई है।
जिलाधिकारी ने इस प्रकरण की अंतिम जांच के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को जांच अधिकारी नामित किया है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।