अयोध्या। जमीन विवाद की आग जिले में थमती नजर नहीं आ रही। थाना पूराकलंदर क्षेत्र के कन्दैला गांव में बंजर भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों ओर से लाठी-डंडे चले, जिससे आठ लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। रविवार को थाना गोसाईगंज क्षेत्र में जमीनी विवाद में एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक एक पक्ष कथित तौर पर भूमि पर कब्जा करने पहुंचा था। विरोध होते ही कहासुनी बढ़ी और मारपीट शुरू हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और हालात काबू में किए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। तीन की हालत गंभीर बताई गई, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक घायल को नाजुक स्थिति में लखनऊ रेफर किया गया है, शेष का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। उपद्रव के दौरान जानवरों के छप्पर में आग लगा दी गई तथा दो मोटरसाइकिलें जला दी गईं। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और जांच जारी है।