अयोध्या। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय कला मंच, अयोध्या महानगर द्वारा आयोजित रंगोत्सव, पूर्व कार्यकर्ता स्नेह मिलन एवं कवि सम्मेलन का आयोजन बेनीगंज स्थित केशव पार्क में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और काव्य पाठ ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महानगर संघचालक विक्रमा प्रसाद पांडेय, हनुमानगढ़ी महंत महेश योगी, राष्ट्रीय कला मंच के प्रांत सहसंयोजक उत्कर्ष पांडेय, विभाग संयोजक शशांक विद्यार्थी तथा महानगर मंत्री जयश्री रावत ने स्वामी विवेकानंद एवं मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कवि सम्मेलन में प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी रचनाओं से समां बांधा। संचालन दुर्गेश पांडेय ‘दुर्लभ’ के साथ कवयित्री अंकिता तिवारी ने होली की उमंग से भरी प्रस्तुति दी। कवयित्री सुनीता पाठक ने प्रेम, सद्भाव और समरसता का संदेश दिया, जबकि कल्पना तिवारी ने हास्य-व्यंग्य से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। शिवानी सिंह ने होली के रंगों पर आधारित रचना प्रस्तुत की। वेद प्रकाश प्रचंड ने श्रृंगार रस की कविता से समारोह में नई ऊर्जा भर दी। शैलेन्द्र पांडे ‘मासूम’ और नैंसी जायसवाल की प्रस्तुतियों को भी दर्शकों ने खूब सराहा।
सांस्कृतिक सत्र में भजन गायक अवध रत्न मोहन शास्त्री एवं आस्था तिवारी के साथ श्री जानकीवल्लभो म्यूजिकल ग्रुप ने मनमोहक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन प्रांत कार्यकारिणी सदस्य राघवेंद्र तिवारी ने किया।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र, व्यवसायी विनोद जायसवाल, पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष शिवम सिंह, शासकीय अधिवक्ता रोहित पांडे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नगर के नागरिक मौजूद रहे। आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।