Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर भस्मा ग्राम सभा में कोटेदार पर घटतौली का आरोप

भस्मा ग्राम सभा में कोटेदार पर घटतौली का आरोप

0
7

जलालपुर अम्बेडकर नगर। विकासखंड जलालपुर की भस्मा ग्राम सभा में राशन वितरण में घटतौली के आरोपों को लेकर बुधवार को खाद्य विभाग की टीम गांव पहुंची। ग्रामीणों की शिकायत पर खाद्य क्षेत्रीय अधिकारी सुनीता ने मौके पर पहुंचकर उपभोक्ताओं को वितरित किए जा रहे खाद्यान्न की जांच की और लाभार्थियों से बातचीत कर जानकारी जुटाई।

ग्रामीणों की ओर से भाजपा शक्ति केंद्र संयोजक रोहित कुमार और अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष राकेश कुमार ने लिखित शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि कोटेदार लंबे समय से निर्धारित मात्रा से कम राशन दे रहा है। उनका कहना है कि पात्र लाभार्थियों को 2 से 5 किलो तक राशन कम देकर वितरण किया जा रहा है, जिससे गरीब परिवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मौके पर जांच के दौरान कई लाभार्थियों ने भी घटतौली की शिकायत दोहराई। हालांकि खाद्य क्षेत्रीय अधिकारी ने विस्तृत जानकारी देने से इनकार करते हुए कहा कि जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पहले भी राशन वितरण में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने से समस्या बनी हुई है। उन्होंने दोषी पाए जाने पर संबंधित कोटेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल ग्रामीण जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here