अंबेडकर नगर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंगलवार को तहसील अकबरपुर स्थित विभिन्न कार्यालयों और पटलों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान लंबित प्रकरणों और रजिस्टरों के अद्यतन न पाए जाने पर नाराज़गी जताते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने नजारत अनुभाग में तहसील दिवस रजिस्टर, डेड स्टॉक रजिस्टर, रजिस्टर-9, सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन संबंधी पत्रावलियों व विभागीय कार्यवाही रजिस्टर का अवलोकन किया। डेड स्टॉक रजिस्टर अद्यतन न मिलने पर असंतोष जताते हुए उसे शीघ्र अपडेट करने के निर्देश दिए। इसके बाद उप जिलाधिकारी न्यायालय, कंप्यूटर कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, नायब तहसीलदार न्यायालय, तहसीलदार न्यायिक कक्ष, राजस्व निरीक्षक कक्ष, निर्वाचन अनुभाग, जनगणना कक्ष, अभिलेखागार, कानूनगो कक्ष और आपूर्ति निरीक्षक कार्यालय सहित अन्य पटलों का निरीक्षण किया।
अभिलेखागार में पत्रावलियों का रखरखाव संतोषजनक पाया गया, जबकि चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लंबित मामलों पर डीएम ने संबंधित आरके को चेतावनी देते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही दैवीय आपदा कृषक दुर्घटना बीमा से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और शिथिलता पर कार्रवाई के निर्देश दिए। आपूर्ति कार्यालय में राशन कार्डों का सत्यापन कर अपात्र कार्ड निरस्त करने तथा पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ने को कहा गया।
तहसील परिसर में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए डीएम ने फोटोकॉपी दुकान को आगामी नीलामी में जन सुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने, निष्प्रयोज्य वाहनों व सामग्रियों की नीलामी, स्मृति वन की साफ-सफाई कर पार्क के रूप में विकसित करने, शौचालयों को क्रियाशील बनाने तथा खाली कक्ष को सुरक्षागार्डों के उपयोग हेतु व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील भवन की रंगाई-पुताई और परिसर में बेहतर कैंटीन संचालन सुनिश्चित कराने को भी कहा। निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह, तहसीलदार अकबरपुर समेत संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।