अयोध्या। जनपद में संचालित चौरासीकोसी परिक्रमा मार्ग, चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग, आवास विकास परिषद और रिंग रोड परियोजनाओं के तहत भूमि अधिग्रहण एवं प्रतिकर भुगतान की प्रगति को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान रिंग रोड और आवास विकास परिषद से जुड़े अवशेष ग्रामों के अभिनिर्णय की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा गया। साथ ही जिन ग्रामों में अधिग्रहण की कार्यवाही पूरी हो चुकी है, वहां प्रभावित काश्तकारों को बकाया प्रतिकर राशि का भुगतान जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जहां भी किसी प्रकार की समस्या या विवाद सामने आए, उसे वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाकर त्वरित समाधान कराया जाए, ताकि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा न आए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन) कौशल कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अमित भट्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।