Saturday, March 7, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरगौशाला में बाहर से ताला बंद मिलने पर उठे सवाल, जिम्मेदारों ने...

गौशाला में बाहर से ताला बंद मिलने पर उठे सवाल, जिम्मेदारों ने कहा— निरीक्षण में मिली थी संतोषजनक स्थिति


@ के के तिवारी


अंबेडकर नगर। जनपद में संचालित गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला व मुख्य विकास अधिकारी द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का उद्देश्य है कि किसी भी गौवंश को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी गौशालाओं में मानकों के अनुरूप देखभाल सुनिश्चित की जा सके।

इसी क्रम में जहागीरगंज विकासखंड के लालमनपुर ग्राम पंचायत स्थित अस्थायी गौशाला की स्थिति को लेकर शनिवार को उस समय सवाल खड़े हो गए, जब सुबह करीब 11 बजे मौके पर पहुंचे मीडिया कर्मियों ने गौशाला के मुख्य द्वार पर ताला लटका पाया। बताया गया कि काफी देर इंतजार के बाद एक केयरटेकर व ग्राम प्रधान वहां पहुंचे और फोटो न लेने व बाहर जाने की बात कही, जिसके बाद किसी तरह के विवाद से बचने के लिए मीडिया कर्मी वापस लौट गए।

स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि गौशाला में चार केयरटेकर की नियुक्ति होने के बावजूद मौके पर उनकी अनुपस्थिति कई सवाल खड़े करती है। ग्रामीणों का कहना है कि नियमित निगरानी और पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है, ताकि व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

वहीं इस संबंध में प्रभारी खंड विकास अधिकारी रविंद्र कुमार चक्रवर्ती एवं ग्राम पंचायत अधिकारी प्रवीण कुमार वर्मा ने बताया कि हाल ही में उच्चाधिकारियों द्वारा गौशाला का निरीक्षण किया गया था, जिसमें व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई थीं। उन्होंने दरवाजा बंद होने के बावत कहा कि मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इस प्रकरण की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करता है या नहीं, ताकि गौशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर उठ रहे सवालों का समाधान हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments