अयोध्या। नेटफ्लिक्स पर आने वाली वेब सीरीज़ घूसखोर पंडित का विरोध हो रहा है। सपा नेता और पूर्व राज्य मंत्री तेजनारायन पाण्डेय ने वेब सीरीज़ के निर्माता-निर्देशक पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वेब सीरीज़ के निर्माताओं पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होना चाहिए। साथ ही या तो इस वेब सीरीज़ का टाइटल बदला जाए या फिर इस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
उन्होंने कहा कि कि इस तरह का नाम और टाइटल बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसे टाइटल देकर समाज में विद्वेष फैलाने की कोशिश की जा रही है और समाज को बांटने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर किसी समाज को नीचे दिखाने और किसी को ऊपर उठाने का षड्यंत्र कर रहे हैं। ऐसी फिल्मों का उद्देश्य भाई को भाई से लड़ाना और सामाजिक सौहार्द को तोड़ना है। इस तरह की फिल्मों पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। सपा नेता ने कहा कि भारत ऋषि-मुनियों और तपस्वियों की धरती है। यहां आचार्य चाणक्य जैसे महान विद्वान हुए हैं, महर्षि दधीचि जैसे महापुरुष हुए हैं। शिक्षा की अलख जगाने और देश को आज़ाद कराने में ब्राह्मण समाज की अहम भूमिका रही है।