अंबेडकर नगर। जनपद में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा नहरों के सुचारु संचालन को लेकर आगामी 10 फरवरी को जिला पंचायत सभागार में जनपद सिंचाई बंधु की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक मंगलवार सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
जानकारी के अनुसार बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुन्दर वर्मा तथा शासन द्वारा नामित उपाध्यक्ष दिलीप कुमार तिवारी करेंगे। बैठक में किसानों से जुड़ी सिंचाई समस्याओं के समाधान और नहरों के बेहतर संचालन पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
बैठक के दौरान नहरों की समुचित सफाई की कार्ययोजना, नहरों की कटिंग, टेल तक पानी पहुंचाने में आ रही दिक्कतों, रोस्टर के अनुसार नहर संचालन तथा नहरों के कुलावों से संबंधित समस्याओं पर विचार किया जाएगा। साथ ही राजकीय नलकूपों के संचालन व मरम्मत तथा कृषकों से प्राप्त अन्य सिंचाई संबंधी मुद्दों के समाधान पर भी चर्चा प्रस्तावित है।