◆ बस्ती जनपद के पकौली थाना क्षेत्र की घटना से जुड़ा है मामला
अयोध्या। श्रीराम अस्पताल में कार्यरत फार्मासिस्ट रामप्रीत वर्मा को बस्ती पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि एक सप्ताह पूर्व दर्ज अपहरण व हत्या के प्रयास के मामले में जांच के क्रम में यह कार्रवाई की गई है। मामला पड़ोसी जनपद बस्ती के पकौली थाना क्षेत्र से संबंधित है, जहां दर्ज मुकदमे में रामप्रीत संदिग्ध के रूप में सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम सोमवार तड़के करीब चार बजे अयोध्या स्थित उनके आवास पर पहुंची और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए साथ ले गई। इसके बाद पुलिस ने श्रीराम अस्पताल पहुंचकर उनके कार्यालय और आसपास के स्थानों पर भी जांच-पड़ताल की। अपहरण में प्रयुक्त टाटा नेक्सन कार रामप्रीत वर्मा की निशानदेही पर बरामद की गई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
बताया जा रहा है कि इस मामले में उनके दामाद पर अपहरण और हत्या के प्रयास के गंभीर आरोप हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ते हुए वर्मा से पूछताछ कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।