◆ नवीन परिसर में विकास कार्यों का किया निरीक्षण, छात्रावास और शैक्षणिक सुविधाओं का लिया जायजा
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय के नवीन परिसर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तुलसी भवन और बशिष्ठ भवन का अवलोकन करते हुए सभी कक्षों का पठन-पाठन एवं प्रायोगिक कार्यों में अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कुलाधिपति ने कहा कि सभी पाठ्यक्रमों में आवश्यकता के अनुरूप गुणवत्ता परक शिक्षा उपलब्ध कराई जाए, जिससे छात्रों का शैक्षणिक और व्यावहारिक विकास हो सके तथा वे समाज में सकारात्मक भूमिका निभा सकें। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और जल निकासी से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश कार्यदायी संस्थाओं को दिए।
निरीक्षण के दौरान कुलाधिपति ने लवकुश और सरयू छात्रावास का भ्रमण कर छात्रों से संवाद किया और हॉस्टल सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही निर्माणाधीन सरोवर का भी निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय सीमा के भीतर मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। ईडीपी भवन के बेसमेंट में चल रहे निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूरा करने को कहा गया।
कुलाधिपति ने योग विभाग का दौरा कर छात्र-छात्राओं के योगाभ्यास का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के अनुशासन और नियमित अभ्यास की सराहना करते हुए योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाए रखने की बात कही। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग के शिक्षक कपिल राणा द्वारा लिखित पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी निखिलराम फुंदे, मुख्य विकास अधिकारी ए. के. सिंह, कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, संकाय अध्यक्ष आशुतोष सिन्हा, एस. एस. मिश्र सहित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी और विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।