अयोध्या। सोहावल स्थित साहू मेडिकल सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग ने लापरवाही के आरोपों को गंभीर मानते हुए सख्त कार्रवाई की है। नवजात शिशु की मौत से जुड़े मामले में अस्पताल की ओटी और पैथोलॉजी को सील कर दिया गया है, जबकि आईपीडी में नए मरीजों की भर्ती पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
यह कार्रवाई सम्पूर्ण समाधान दिवस में की गई शिकायत के आधार पर की गई। रुदौली तहसील के अमराई गांव निवासी विवेक चौहान ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया था कि 26 दिसंबर को उनकी पत्नी को साहू मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान डॉक्टर और स्टाफ की लापरवाही से नवजात की मौत हो गई। शिकायत में यह भी कहा गया कि मामले को लेकर सवाल उठाने पर उनके साथ मारपीट की गई।
जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश चौधरी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मेडिकल सेंटर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पैथोलॉजी को बिना अनुमति संचालित पाया गया। वहीं ओटी में बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण में गंभीर खामियां मिलीं। इसके अलावा शिकायत को लेकर भर्ती मरीज व डाक्टर को लेकर कोई अभिलेख मौजूद नहीं मिला।
डॉ. राजेश चौधरी ने बताया कि जांच में मिली कमियों के आधार पर ओटी और पैथोलॉजी को सील करते हुए आईपीडी संचालन पर रोक लगाई गई है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इस मेडिकल सेंटर पर कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन सुधार न होने के चलते दोबारा कड़ी कार्रवाई की गई है।