अम्बेडकर नगर। नववर्ष की पूर्व संध्या पर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से अकबरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतते हुए आने-जाने वाले लोगों की गहन जांच की।
अकबरपुर थाना क्षेत्र में स्थित तीन बार एवं रेस्टोरेंट को विशेष निगरानी में रखा गया है। यहां पुलिस टीम द्वारा लगातार गश्त के साथ-साथ होटल एवं रेस्टोरेंट परिसरों की भी जांच की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि, नशाखोरी या कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति उत्पन्न न हो सके।
अभियान का नेतृत्व स्वयं अकबरपुर कोतवाल श्रीनिवास पांडेय कर रहे हैं। वह पूरी पुलिस टीम के साथ सड़क पर उतरकर वाहनों की चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ तथा होटल-रेस्टोरेंट में ठहरे लोगों का सत्यापन करा रहे हैं। इस दौरान दोपहिया व चारपहिया वाहनों की भी सघन जांच की गई।
कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि नववर्ष के मौके पर शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और देर रात तक चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना हुआ है। आम नागरिकों ने भी पुलिस के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सघन चेकिंग से असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगेगा और लोग निडर होकर नववर्ष का स्वागत कर सकेंगे।