Thursday, July 23, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्या24 व 25 दिसंबर को डाभासेमर में होगी सांसद खेल प्रतियोगिता, महानगर...

24 व 25 दिसंबर को डाभासेमर में होगी सांसद खेल प्रतियोगिता, महानगर व जिलाध्यक्ष ने तैयारियों का लिया जायजा


अयोध्या। सांसद खेल प्रतियोगिता का आयोजन 24 व 25 दिसंबर को डा. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल, डाभासेमर में किया जाएगा। प्रतियोगिता के उद्घाटन सत्र में जिले के जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे, जबकि समापन सत्र में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डा. राधामोहन दास अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव एवं जिलाध्यक्ष संजीव सिंह महामंत्री शैलेन्द्र कोरी सहित अन्य पार्टी पदाधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि सांसद खेल प्रतियोगिता युवाओं में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण विकसित करने का सशक्त माध्यम है। इस प्रतियोगिता के जरिए ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। वहीं जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य खेलों के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ाना और प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर के लिए खिलाड़ियों को तैयार करना है। सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जा रही हैं ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग में आयोजित की जाएगी, जिसमें विधायक खेल प्रतियोगिता के विजेता व उपविजेता खिलाड़ी एवं टीमें प्रतिभाग करेंगी। सांसद खेल प्रतियोगिता के विजेता व उपविजेता खिलाड़ी एवं टीमें प्रदेश स्तर पर होने वाले मुकाबलों में प्रतिभाग करेंगी।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबॉल एवं एथलेटिक्स के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments