Monday, August 17, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याविशुही नदी पुल के पास मिला अधेड़ का शव, पहचान होते ही...

विशुही नदी पुल के पास मिला अधेड़ का शव, पहचान होते ही परिवार में मचा कोहराम

हैदरगंज, अयोध्या । जिले के हैदरगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह सनसनी फैल गई, जब न्यूना पूरब गांव के पास विशुही नदी पुल के समीप एक अधेड़ का शव पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर हैदरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत आसपास के थानों की फोर्स को बुलाकर क्षेत्र को घेराबंदी में ले लिया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से पड़ताल की।

कुछ ही देर में शव की पहचान सहावा गांव निवासी यदुनाथ के रूप में हुई। परिवार के अनुसार, यदुनाथ मंगलवार शाम करीब 6 बजे गांव के ही एक व्यक्ति के यहां मजदूरी कर 400 रुपये लेकर घर के लिए निकले थे, लेकिन रातभर घर नहीं लौटे। सुबह उनका शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस को घटनास्थल से खून के धब्बे, मृतक का मोबाइल फोन, और अन्य महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं। इन आधारों पर अलग-अलग एंगल से जांच तेज कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जल्द ही घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस अब यह जानने में जुटी है कि यदुनाथ की मौत दुर्घटना है, हत्या है या किसी अन्य वजह से हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments