अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में एनईपी के अंतर्गत स्नातक तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर तथा परास्नातक तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं जारी हैं। परीक्षा के दूसरे दिन कुलसचिव विनय कुमार सिंह द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।
कुलसचिव ने कुंवर चन्द्रावती स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटसराय परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था, परीक्षार्थियों की उपस्थिति पंजिका, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती और सत्यापन की विस्तृत जांच की। उन्होंने केंद्राध्यक्ष को निर्देश देते हुए कहा कि नकल-विहीन एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान उन्होंने मिक्स सिटिंग प्लान अपनाने के साथ परीक्षार्थियों के बीच पर्याप्त दूरी बनाए रखने को अनिवार्य बताया।
कुलसचिव ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विश्वविद्यालय द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर सख्त और पारदर्शी व्यवस्था लागू की गई है। इसी क्रम में उन्होंने विश्वविद्यालय के नवीन परिसर सहित अन्य केंद्रों का भी निरीक्षण किया और परीक्षा संचालन व्यवस्था का प्रत्यक्ष परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कुलसचिव ने परीक्षा दे रहे छात्र-छात्राओं से केंद्र पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों की सघन मॉनिटरिंग की जा रही है, जबकि तीनों पालियों में सचल दल सक्रिय रहकर परीक्षा को नकल-विहीन बनाने में जुटा है।