Friday, March 6, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याश्रवण, दृष्टि व बौद्धिक दिव्यांग बच्चों के लिए बन रहा है डे-केयर...

श्रवण, दृष्टि व बौद्धिक दिव्यांग बच्चों के लिए बन रहा है डे-केयर सेंटर


◆  3.19 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य प्रगति पर, 3 से 6 वर्ष के बच्चों को मिलेगी सुविधा


अयोध्या। शहर में दिव्यांग बच्चों के लिए एक विशेष डे-केयर सेंटर की स्थापना की जा रही है। श्रवण, दृष्टि और बौद्धिक दिव्यांगता से ग्रसित बच्चों की जरूरतों को देखते हुए दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा ब्रह्मकुंड क्षेत्र में करीब 3.19 करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला भवन का निर्माण कराया जा रहा है। यह डे-केयर सेंटर लगभग चार हजार वर्ग फुट भूमि पर आकार ले रहा है।

इस केंद्र में 3 से 6 वर्ष की आयु के बच्चों को दिनभर रखा जाएगा। निर्माण एजेंसी के अनुसार, भवन में दिव्यांग बच्चों की जरूरतों के अनुरूप रैंप, लिफ्ट, सुलभ शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। कार्य में तेजी लाई गई है और इसे अगले वित्तीय वर्ष के जुलाई महीने तक पूरा कर लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

प्रारंभिक चरण में 30 से 40 बच्चों को प्रवेश दिए जाने की योजना है। केंद्र में प्रशिक्षित विशेष शिक्षक, थेरेपिस्ट और केयर स्टाफ तैनात होंगे। बच्चों को स्पीच थेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी, फिजियोथेरेपी और संवेदी विकास से जुड़ी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही ब्रेल किट, श्रवण यंत्र और संवेदी शिक्षण सामग्री भी उपलब्ध कराने की योजना है।

अभिभावकों के अनुसार, अब तक शहर में ऐसे छोटे दिव्यांग बच्चों के लिए कोई विशेष व्यवस्था न होने के कारण कई परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नौकरीपेशा अभिभावक बच्चों की निगरानी और इलाज के बीच संतुलन बनाने में असमर्थ रहते थे। यह नया केंद्र ऐसी परिस्थितियों में राहत देने की भूमिका निभा सकता है।

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी चंद्रेश त्रिपाठी ने बताया कि यह केंद्र उन बच्चों के लिए सहायक सिद्ध होगा जिन्हें नियमित देखभाल और प्रारंभिक प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों में व्यवहारिक, भाषाई और सामाजिक कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी।

केंद्र के शुरू होने के बाद जिले में दिव्यांग बच्चों की प्रारंभिक देखभाल और प्रशिक्षण से जुड़ी सुविधाओं में एक महत्वपूर्ण संसाधन जुड़ जाएगा। कई परिवारों को इसके तैयार होने का इंतजार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments