अंबेडकर नगर। लाल बहादुर शास्त्री नेशनल एकेडमी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन मसूरी के फाउंडेशन कोर्स के अंतर्गत जनपद के अध्ययन भ्रमण पर आए 12 प्रशिक्षणरत सिविल सेवा अधिकारियों का डी-ब्रीफिंग सत्र शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षु अधिकारी एक सप्ताह तक जनपद के विभिन्न गांवों में रहकर ग्रामीण जीवन, विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अध्ययन कर चुके थे।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘विलेज विजिट प्रोग्राम’ युवा अधिकारियों को ग्रामीण भारत की वास्तविक स्थिति समझने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भविष्य की प्रशासनिक धुरी बनने वाले इन अधिकारियों के लिए जमीनी सच्चाई, स्थानीय चुनौतियों और जनहित की आवश्यकताओं की गहरी समझ अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अंबेडकरनगर में मिला अनुभव उनके प्रशासनिक करियर को नई दृष्टि देगा।
प्रशिक्षु अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि गांवों में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, स्वास्थ्य-शिक्षा सेवाओं, आजीविका कार्यक्रमों और ग्रामीण सहभागिता को नजदीक से समझने का अवसर अत्यंत उपयोगी रहा। उन्होंने शहरी स्थानीय निकायों और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया। प्रशिक्षुओं ने जनपद प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
डी-ब्रीफिंग सत्र में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शैवाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्सना बंधु, परियोजना अधिकारी डीआरडीए अनिल कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।