Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर आईजीआरएस पोर्टल की शिकायतों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, लापरवाही पर सप्लाई...

आईजीआरएस पोर्टल की शिकायतों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, लापरवाही पर सप्लाई इंस्पेक्टर का वेतन रोका

0
13

अंबेडकर नगर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों एवं असंतुष्ट फीडबैक से संबंधित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापरक, समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन स्तर से जनसामान्य की शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाती है, इसलिए किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत में सही श्रेणी का चयन, स्पष्ट आख्या अपलोड करना और शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करना विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने खाद्य एवं रसद विभाग से संबंधित असंतुष्ट फीडबैक वाले प्रकरणों पर विशेष रूप से नाराजगी जताई। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी शिकायतकर्ताओं से स्वयं वार्ता कर गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही, उन्होंने शिकायतों का संतोषजनक निस्तारण न करने पर सप्लाई इंस्पेक्टर, टांडा का वेतन रोकने और उनका स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यदि किसी विभाग द्वारा शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण नहीं किया गया, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने खाद्य एवं रसद, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, विद्युत, स्टांप आदि विभागों की असंतुष्ट शिकायतों की एक-एक कर समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

उन्होंने कहा कि शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल शिकायत निस्तारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करें, ताकि आमजन की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, अपर उपजिलाधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here