अंबेडकरनगर। जनपद के मालीपुर थाना क्षेत्र के आशाननंदपुर बरौली गांव में बुधवार की रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक इनामी बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस बरामद की है।
घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्याम देव ने बताया कि मालीपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी आशाननंदपुर बरौली गांव में छिपे हुए हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गांव की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बदमाश शमशेर पुत्र जान मोहम्मद, निवासी जनपद सुल्तानपुर को गोली लगने के बाद पकड़ लिया, जबकि उसका साथी हर्षित चौबे, निवासी सुल्तानपुर को गिरफ्तार किया गया।
एएसपी ने बताया कि घायल शमशेर पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था और वह गौ-तस्करी से जुड़े कई मामलों में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी मालीपुर के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। घायल शमशेर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
एएसपी श्याम देव ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने बताया कि अपराधियों की पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई विधिक प्रक्रिया के तहत की जाएगी।