Friday, March 6, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरडीएपी का वितरण न होने से नाराज हुए किसान

डीएपी का वितरण न होने से नाराज हुए किसान


जलालपुर अंबेडकर नगर। साधन सहकारी समिति अशरफपुर मजगवा में एक सप्ताह पूर्व आई डीएपी खाद का वितरण अब तक न होने पर किसानों में रोष उभर आया है। सोमवार को सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान समिति पहुंचे, मगर दोपहर तक भी वितरण शुरू नहीं हुआ, जिससे नाराज़ किसानों का धैर्य टूट गया।

किसानों ने आरोप लगाया कि खाद की उपलब्धता के बावजूद समिति कर्मचारी जानबूझकर वितरण में देरी कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि रबी सीजन की बुवाई तेजी से चल रही है और देरी के कारण उनकी खेती प्रभावित हो रही है। साथ ही बाजार में डीएपी महंगे रेट पर मिलने की वजह से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

समिति के सचिव पंकज ने बताया कि बीते सप्ताह 300 बोरी डीएपी आई थी, लेकिन गणना में सात बोरी कम पाई गई। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है, जांच पूरी होने के बाद ही वितरण कराया जाएगा, ताकि कोई अनियमितता न हो।

सूचना पर प्रशासन सक्रिय हुआ। उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने कहा कि राजस्व कर्मियों को मौके पर भेजा गया है। जांच के बाद किसानों को खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी को असुविधा न हो।

मौके पर मौजूद अनिल कुमार, सुभाष, गोलू, लालजी सहित कई किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे सामूहिक प्रदर्शन को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने कहा कि समिति में वर्षों से खाद वितरण में पारदर्शिता की कमी है और बड़े किसानों को प्राथमिकता दी जाती है।

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि समिति की कार्यशैली की सघन जांच कर जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके और उनकी खेती प्रभावित न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments