अयोध्या। इनरव्हील क्लब के तत्वावधान में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) अवेयरनेस एंड मेंटल हेल्थ” विषय पर जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार में टेड-एक्स स्पीकर सौमित्र दुबे और जिला अस्पताल के मनोपरामर्शदाता डॉ. आलोक मनदर्शन ने छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
वक्ताओं ने बताया कि आज के एआई युग में इंसान तकनीक के दबाव में जी रहा है। लगातार डिजिटल माध्यमों में डूबने से तनाव, चिड़चिड़ापन और अनिद्रा जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। ब्रेन एक सुपर कंप्यूटर की तरह है और माइंड उसका सॉफ्टवेयर। जब यह सॉफ्टवेयर असंतुलित होता है तो मनोवैज्ञानिक समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
उन्होंने बताया कि इमोशनल इंटेलिजेंस (ईआई) यानी अपनी भावनाओं को समझना और नियंत्रित करना मानसिक संतुलन के लिए जरूरी है। मेडिटेशन, प्रकृति से जुड़ाव, सामाजिक कार्य और रचनात्मक गतिविधियों से दिमाग तरोताजा रहता है।
सेमिनार की अध्यक्षता जिला विद्यालय निरीक्षक पवन तिवारी ने की। क्लब अध्यक्ष निशा गोयल और पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर मीनू दुबे के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में रीता खत्री, ललिता अग्रवाल, स्नेहा अग्रवाल, मंजू श्री और मोनिका अग्रवाल सहित विद्यालय की प्रधानाचार्या कुसुम लता, शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद रहीं।