अम्बेडकर नगर। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को पुलिस लाइन क्वार्टर गार्द में सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी हरेन्द्र कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्याम देव सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने एक स्वर में राष्ट्रगीत का गायन कर मातृभूमि के प्रति समर्पण, त्याग और राष्ट्रीय एकता की भावना को आत्मसात किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारतवासियों के हृदय में देशभक्ति की निरंतर जलती ज्योति का प्रतीक है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम में करोड़ों लोगों को एकजुट किया।
सामूहिक गायन के बाद रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में अधिकारियों व कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा। कार्यक्रम में देशभक्ति व उत्साह का विशेष माहौल रहा।