Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या सीएमओ ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर लगाई फटकार

सीएमओ ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर लगाई फटकार

0
16

अयोध्या। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील कुमार बानियान ने मंगलवार को जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर मिली लापरवाही पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी और तत्काल सुधार के निर्देश जारी किए।

निरीक्षण की शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरा बाजार से हुई, जहां सीएमओ ने भर्ती व्यवस्था, मरीजों की देखभाल और औषधीय स्टोर की जांच की। निरीक्षण में पाया गया कि स्वास्थ्यकर्मी मरीजों के भर्ती करने में रुचि नहीं ले रहे थे और लाभार्थियों को आवश्यक सेवाएं नहीं मिल पा रही थीं। वहीं, औषधीय स्टोर में दवाओं और सामग्री का मिलान भी सही नहीं पाया गया। इस पर सीएमओ ने अधीक्षक व कर्मचारियों को फटकार लगाई और तीन दिन में स्टोर व्यवस्था दुरुस्त करने का आदेश दिया।

इसके बाद सीएचसी बीकापुर पहुंचे, जहां उन्होंने जेएसवाई वार्ड और जनरल वार्ड का निरीक्षण किया। सीएमओ ने बेड पर चादरें न होने पर नाराजगी जताई और निर्देश दिया कि सभी वार्डों में स्वच्छ चादरें नियमित रूप से बदली जाएं तथा समय-समय पर सफाई की जाए।

सीएचसी मिल्कीपुर में सीएमओ ने ओपीडी, इमरजेंसी सेवाओं, औषधीय स्टोर, लैब, कोल्ड चेन पॉइंट, प्रसव कक्ष और जेएसवाई वार्ड का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में समुचित सफाई व्यवस्था बनाए रखने और सेवाओं को गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण का अंतिम पड़ाव सीएचसी रुदौली रहा, जहां उन्होंने प्रसव कक्ष, वार्ड, औषधीय भंडार, इम्यूनाइजेशन सेंटर और बीपीएचयू यूनिट की जांच की। साथ ही निर्देशित किया कि परिसर की सफाई प्रतिदिन सुनिश्चित की जाए और वार्डों में फिनायल युक्त पोछा नियमित रूप से लगाया जाए।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश चौधरी, डीपीएम रामप्रकाश पटेल, डीसीपीएम अमित कुमार, मनोज मौर्य, अंकुर वर्मा और मनोज त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here