◆ पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई, जमीन हड़पने की नीयत से की गई थी हत्या
अम्बेडकर नगर। थाना भीटी क्षेत्र में बीते 17 अक्टूबर को खेत में धान काटने गई 65 वर्षीय महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जमीन हड़पने की नीयत से महिला की हत्या कर शव को सुल्तानपुर जनपद के थाना जयसिंहपुर क्षेत्र में स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पुल के नीचे झाड़ियों में फेंक दिया गया था। मामले में नामजद दो आरोपियों को पुलिस और स्वाट की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।
थाना भीटी क्षेत्र के ग्राम मदारभारी मजरा खमपुर निवासी रामरति (65) पत्नी स्व. रामजियावन 17 अक्टूबर की शाम अपने खेत में धान काटने गई थीं, जिसके बाद से वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। अगले दिन 18 अक्टूबर को मृतका के भांजे रामजीत पुत्र रामखेलावन निवासी महमूदपुर चपरा, थाना महरूआ ने स्थानीय थाने में तहरीर दी। उन्होंने गांव के ही दो लोगों बृजलाल पुत्र रामदयाल और रामदयाल पुत्र गोबरी पर हत्या की आशंका जताई।
थाना भीटी में इस मामले में बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस द्वारा नामजद आरोपियों से सख्ती से पूछताछ करने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मृतका की जमीन हड़पने की नियत से उसकी हत्या की। 17 अक्टूबर की शाम जब रामरति खेत में अकेले धान काट रही थीं, तभी उनकी हत्या कर शव को प्लास्टिक की बोरी में बांधा गया और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के पुल के नीचे झाड़ियों में फेंक दिया गया। घटना का सफल अनावरण करने वाली पुलिस व स्वाट टीम को एसपी द्वारा 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।