अंबेडकर नगर। अकबरपुर थाना क्षेत्र के एक शराब ठेके पर वर्दीधारी पुलिसकर्मियों का शराब पीते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस विभाग में खलबली मच गई। वीडियो में एक उपनिरीक्षक और दो सिपाही खुलेआम ठेके पर बैठकर जाम छलकाते दिखाई दे रहे हैं।
मामला सामने आते ही पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए। जांच में वीडियो में नजर आ रहे पुलिसकर्मी एसआई वीरेंद्र बहादुर, हेड कॉन्स्टेबल पवन और कॉन्स्टेबल विक्रम के रूप में पहचाने गए। वर्दी की गरिमा और विभागीय अनुशासन का उल्लंघन करने पर एसपी ने तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
एसपी ने स्पष्ट कहा कि वर्दी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाले पुलिसकर्मियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यह हरकत पुलिस बल की छवि को धूमिल करने वाली है, इसलिए जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।