अयोध्या। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में अयोध्या जोन की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ शांतिकुंज के उत्तर जोन प्रभारी परमानन्द द्विवेदी, अयोध्या जोन समन्वयक देशबंधु तिवारी और गायत्री शक्तिपीठ अयोध्या के व्यवस्थापक रामकेवल बाबू द्वारा मंत्रोच्चारण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
उत्तर जोन प्रभारी परमानन्द द्विवेदी ने कहा कि गायत्री परिवार का उद्देश्य केवल आध्यात्मिक साधना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में नैतिकता, एकता और सकारात्मक परिवर्तन लाने का आंदोलन है। अयोध्या जोन प्रभारी देशबंधु तिवारी ने कहा कि संगठन का बल उसके कार्यकर्ताओं में निहित है, जो सेवा और संस्कार निर्माण के कार्यों में लगे हैं। उन्होंने बताया कि अयोध्या जोन सदैव मिशन के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए तत्पर रहा है और आगे भी इसे नई ऊँचाइयों तक ले जाने का कार्य करता रहेगा।
मीडिया प्रभारी नीलम मिश्रा ने बताया कि अयोध्या जोन के 23 जिलों से लगभग एक हजार कार्यकर्ता उपस्थित हुए। कार्यक्रम में रामकोट की परिक्रमा, गायत्री जप, साधना, ज्ञान यज्ञ का प्रचार, बालसंस्कारशालाओं का संचालन और हरितिमा संवर्धन हेतु वृक्षारोपण अभियान का संकल्प लिया गया।
कार्यशाला के अंत में सामूहिक संकल्प एवं गायत्री महामंत्र के सामूहिक जप के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ। विभिन्न सत्रों में संगठनात्मक योजनाओं की समीक्षा, युवा अभियान की रूपरेखा और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा हुई।
व्यवस्थापक रामकेवल बाबू ने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और अतिथियों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर देवांग पटेल, प्रभाकर सक्सेना, महेंद्र सिंह, रामावतार गर्ग, माधुरी तिवारी, आलोक तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।