अयोध्या। दीपोत्सव 2025 के आगमन से पहले अयोध्या की सड़कें भव्य दीप सजावट और रोशनी से जगमगाने लगी हैं। रामपथ, धर्मपथ, जन्मभूमि पथ, हनुमानगढ़ी मार्ग और सरयू तट के आसपास विभिन्न आकारों में लगी दीप-आकार की सजावटी लाइटें दूर से ही आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
दिन में इन लाइटों की कलात्मक आकृतियां सड़कों और शहर के प्रवेश द्वारों पर सौंदर्य बिखेरती हैं, वहीं शाम ढलते ही ये टिमटिमाती रोशनी पूरे इलाके को उत्सवमय माहौल में बदल देती हैं। शहर के हर कोने में ‘प्रकाश और भक्ति की नगरी’ थीम के तहत एलईडी दीपक और थीमेटिक लाइटें लगाई गई हैं, जो अयोध्या की सांस्कृतिक परंपरा और आध्यात्मिक महत्ता को उजागर कर रही हैं।
रामनगरी की सड़कों पर फैली यह भव्य झिलमिलाहट स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों के बीच उत्साह और श्रद्धा का माहौल पैदा कर रही है। दीपोत्सव की तैयारियों के तहत नगर निगम और संबंधित विभागों ने सड़कों, घाटों और प्रमुख मार्गों पर रोशनी की व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है।
इस वर्ष की विशेषता है कि शहर के प्रमुख मार्गों से लेकर प्रवेश द्वारों तक हर जगह दीपों और लाइटों का ऐसा संयोजन किया गया है, जो अयोध्या को संपूर्ण रूप से दिव्यता और भव्यता से भर रहा है। दीपोत्सव के दौरान यह दृश्य अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक छवि को और अधिक जीवंत बनाता नजर आएगा।