अंबेडकर नगर। आगामी मूर्ति विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में सम्पन्न कराने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने अकबरपुर स्थित गायत्री मंदिर घाट तथा श्रवण क्षेत्र धाम में तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और जल सुरक्षा की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विसर्जन स्थलों पर समय रहते व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि घाटों पर निरंतर साफ-सफाई बनी रहे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था हो और जल सुरक्षा के मद्देनज़र नाव, गोताखोर तथा आवश्यक उपकरण तैनात रहें।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सतर्क किया। उन्होंने निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल मुस्तैद रहे, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता सुनिश्चित हो तथा ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि विसर्जन पर्व पर जनपद में शांति, सौहार्द और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।