अयोध्या। नवरात्रि की नवमी तिथि पर बुधवार को अयोध्या नगर भक्तों की भक्ति और आस्था से परिपूर्ण दिखाई दी। शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शाम होते-होते नगर की सड़कों पर भक्तों का हुजूम नजर आया, जो अपने परिवार के साथ माता के दर्शन करने निकले थे।
नगर के प्रमुख प्रवेश मार्ग—देवकाली, नाका, सहादतगंज—से श्रद्धालुओं का आवागमन देखा गया। नाका से चौक होते हुए रिकाबगंज तक पूरे मार्ग पर भक्तों का क्रम चलता रहा। हर पंडाल पर दर्शनार्थियों की कतारें लगी रहीं। आयोजक समितियों ने भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस के सहयोग से व्यवस्था संभाली और माइक के जरिए श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन प्रदान किया।
शहरभर में भक्त अपने पूरे परिवार के साथ पैदल भ्रमण करते देखे गए। कई श्रद्धालुओं ने सिर पर टीका और चुंदरी बांध रखी थी। जगह-जगह मां दुर्गा और श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। पंडालों में भजन और कीर्तन की ध्वनि गुंज रही थी, तो कहीं डीजे पर भजन की रिदम भक्तों को भावविभोर कर रही थी।
नवरात्रि उत्सव के अवसर पर कई पंडालों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ। विशेष रूप से डांडिया नृत्य में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया, जिससे उत्सव का रंग और बढ़ गया।
जगह-जगह लगे भण्डारे माता के जयकारोंसे परिवेश गुंजायमान
अधिकारिक आयोजनों के अंतर्गत लगभग सभी पंडालों में भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से ही भंडारे की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही थीं, जिसमें विविध प्रकार के व्यंजन तैयार किए गए। प्रसाद ग्रहण करने के बाद श्रद्धालुओं ने जोर-जोर से जयकारे लगाए, और आयोजन स्थल भक्तिमय वातावरण में बदल गया। भंडारे में समितियों के कार्यकर्ता श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करते रहे, जिससे माहौल और भी उल्लासपूर्ण बन गया।