अयोध्या। लखनऊ जेल में बंद पूर्व कैबिनेट मंत्री और सपा नेता गायत्री प्रसाद प्रजापति पर हुए हमले के बाद अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने प्रदेश सरकार पर कड़ा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और अब हालात इतने गंभीर हैं कि जेल के भीतर भी हमले हो रहे हैं। अवधेश प्रसाद ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है और कहा कि दोषी जेल अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर हथियार जेल के भीतर कैसे पहुंचा और इस हमले के पीछे किसकी साजिश थी।
सांसद ने कहा, यह हमला केवल एक व्यक्तिगत मामला नहीं है, बल्कि यह प्रदेश में कानून व्यवस्था की विफलता का स्पष्ट उदाहरण है। बाहर ही नहीं, अब जेलों में भी गुंडाराज कायम है।